कानपुर देहात न्यूज:16 मई: कानपुर देहात पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी थाना रनियाँ पुलिस द्वारा की गई है।
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्री अरविन्द मिश्र के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
थाना रनियाँ में दिनांक 12.05.2025 को दर्ज मु0अ0सं0 0077/2025, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(2), 126(2), 115(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था, के वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अंशू पाठक पुत्र महेन्द्र कुमार उर्फ पप्पू पाठक और विमल शर्मा पुत्र रज्जन शर्मा, दोनों निवासी ग्राम चिरौरा थाना रनियाँ जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आज दिनांक 16.05.2025 को दोपहर 12:35 बजे राजेन्द्रा पुल के नीचे से थाना क्षेत्र रनियाँ से इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक तहरीर में दर्ज धाराओं के आधार पर विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) की बढ़ोत्तरी की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में से विमल शर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके विरुद्ध जनपद कानपुर देहात के थाना अकबरपुर में धारा 354/504/506 भा0द0वि0 और गुण्डा अधिनियम के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस टीम, जिसमें उ0नि0 श्री रंजीत सिंह, का0 201 नरेन्द्र राना और का0 39 प्रवेश कुमार शामिल थे, ने इस गिरफ्तारी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर, श्री आलोक सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर रेन्ज, कानपुर, श्री हरीश चन्दर ने कानपुर देहात पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।