भाजपा कानपुर देहात न्यूज, 16 मई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कानपुर देहात ने 17 मई, शनिवार को सुबह 8:00 बजे जनकपुरी मैदान, अकबरपुर से अकबरपुर ओवर ब्रिज तक तिरंगा यात्रा निकालने की घोषणा की है। यह यात्रा ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान के अंदर स्थित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने और 100 से अधिक आतंकवादियों को मारने के शौर्य को समर्पित है।
भाजपा पार्टी कार्यालय, माती में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी अशोक राजपूत और जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने इस यात्रा की जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा में चार पहिया और दोपहिया वाहनों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सुबह 8:00 बजे जनकपुरी मैदान पहुंचने की अपील की है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, राज्य मंत्री अजीत पाल, विधायक, सांसद और अन्य वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में आम जनता भी इस शौर्य तिरंगा यात्रा में भाग लेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा, बबलू शुक्ला, कन्हैया कुशवाहा, राम जी मिश्रा और बबलू कटियार भी मौजूद रहे।