नई दिल्ली। 28 अप्रैल : भारत और फ्रांस ने आज भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर एक बड़े सौदे पर हस्ताक्षर किए। इस 63,000 करोड़ रुपये के मेगा सौदे से भारतीय नौसेना की समुद्री युद्ध क्षमता को और अधिक मजबूती मिलेगी।

नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के बीच अंतर-सरकारी समझौता (IGA) का आदान-प्रदान किया गया। भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने किया, जबकि इस महत्वपूर्ण अवसर पर नौसेना के उपप्रमुख वाइस एडमिरल के. स्वामिनाथन भी मौजूद रहे।
राफेल मरीन विमान भारतीय नौसेना के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए हैं और इनकी तैनाती से समुद्री क्षेत्रों में भारत की रणनीतिक शक्ति को काफी बढ़ावा मिलेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, यह डील न केवल भारत-फ्रांस के रक्षा संबंधों को नई ऊंचाई देगी, बल्कि भारतीय नौसेना को अत्याधुनिक तकनीक से लैस करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि इन विमानों को जल्द ही भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोतों पर तैनात किया जाएगा, जिससे देश की समुद्री सुरक्षा और निगरानी क्षमताएं और सुदृढ़ होंगी।