मुंबई 27 जून : भारत में पेंट बनाने वाली कंपनी JSW पेंट्स अब Akzo Nobel India नाम की एक और बड़ी कंपनी को खरीदने जा रही है। JSW पेंट्स ने Akzo Nobel India में 74.76% तक की हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक समझौता किया है। यह सौदा लगभग ₹8,986 करोड़ का है।
अभी इस सौदे को सरकार की मंजूरी मिलनी बाकी है और Akzo Nobel India के बाकी शेयरधारकों को भी JSW पेंट्स एक ऑफर देगा।
JSW पेंट्स, JSW ग्रुप का हिस्सा है, जो स्टील, बिजली और कई दूसरे बड़े कारोबार करता है। JSW पेंट्स खुद भी भारत में तेजी से बढ़ने वाली पेंट कंपनियों में से एक है। वहीं, Akzo Nobel दुनिया की एक बहुत पुरानी और जानी-मानी पेंट कंपनी है, जो खासतौर पर ‘डुलक्स’ जैसे मशहूर पेंट बनाती है।
JSW पेंट्स के प्रमुख, पार्थ जिंदल ने कहा कि पेंट का बाजार भारत में बहुत तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि Akzo Nobel India को खरीदने से JSW पेंट्स और मजबूत होगी और वे मिलकर ग्राहकों को और भी अच्छे पेंट दे पाएंगे।
इस सौदे से JSW पेंट्स भारत के पेंट बाजार में और भी बड़ी कंपनी बन जाएगी।